Skip to content
Blog

नाभि खिसक जाए तो क्या करें? तुरंत राहत के लिए क्या जानना जरूरी है

Published:September 26, 2026
Last Updated:September 26, 2026
Reading Time:1 minutes
Evidence Level:Evidence-Based Clinical Guidance

सामान उठाते वक्त पेट में कुछ खिंचाव हुआ, और अब नाभि के आसपास टीस उठ रही है। घर में कोई कहता है मालिश करवा लो, कोई कहता है उल्टा लटक जाओ, कोई कहता है दो दिन लेटे रहो।

पहले 72 घंटे सबसे अहम होते हैं, और इन्हीं में सबसे ज़्यादा गलतियाँ भी होती हैं। यह ब्लॉग इलाज की गाइड नहीं है। यह उस सवाल का जवाब है कि तकलीफ़ शुरू होने के तुरंत बाद क्या करना है, क्या नहीं करना है, और कब घरेलू उपाय छोड़कर सीधे डॉक्टर के पास जाना है।

सबसे पहले क्या करें?

जो काम करते समय दर्द हुआ, उसे तुरंत रोक दें। यही अकेली सबसे ज़रूरी चीज़ है। पेट की मांसपेशियों में जब खिंचाव आता है, तो अगले कुछ घंटे तय करते हैं कि तकलीफ़ दो दिन की रहेगी या दो हफ़्ते की। दर्द को दबाकर वही काम जारी रखना खिंचाव को बढ़ाता है।

इसके बाद आराम की ऐसी पोज़ीशन ढूँढ़ें जिसमें पेट पर खिंचाव सबसे कम पड़े। ज़्यादातर लोगों को घुटने मोड़कर पीठ के बल लेटना या करवट लेकर घुटने सीने की तरफ़ मोड़ना सबसे आरामदेह लगता है।

पहले 72 घंटों में क्या करें?

मांसपेशियों की चोट के लिए अब सिर्फ़ RICE नहीं, बल्कि PEACE और LOVE नाम का तरीका सुझाया जाता है। Mayo Clinic Press के मुताबिक PEACE पहले 72 घंटों के लिए है और LOVE चौथे दिन से आगे के लिए। इसमें एक ज़रूरी बदलाव यह है कि शुरुआती दिनों में सूजन कम करने वाली दवाओं से बचने की सलाह दी जाती है, और चोट वाली जगह को पूरी तरह जड़ रखने की जगह सिर्फ़ दर्द वाली हरकतों से बचाने को कहा जाता है। यानी पूरा आराम भी नहीं, और ज़ोर भी नहीं। बीच का रास्ता।

तुरंत राहत के लिए घर पर क्या काम आता है?

ये उपाय दर्द घटाते हैं, बीमारी ठीक नहीं करते। इसी उम्मीद के साथ इस्तेमाल करें।

  • पतले कपड़े में लपेटकर बर्फ़, 15 से 20 मिनट, दिन में कुछ बार
  • खाँसते या छींकते समय पेट पर तकिया दबाकर सहारा देना
  • ढीले कपड़े, कमर पर कसी बेल्ट या पैंट नहीं
  • हल्की चहलकदमी, बिस्तर पर पड़े रहने की जगह
  • थोड़ा-थोड़ा और हल्का खाना, ताकि पेट फूलने पर और खिंचाव न पड़े
  • पानी और फाइबर, ताकि टॉयलेट में ज़ोर न लगाना पड़े

खाँसते वक्त तकिये से सहारा देने वाली तरकीब आसान लगती है, पर पेट की दीवार पर पड़ने वाला झटका सचमुच घटाती है।

क्या बिल्कुल नहीं करना चाहिए?

न करेने वाली चीज़ें पता होनी ज़रूरी है क्यूंकि यहीं ज़्यादातर नुकसान होता है।

  • किसी अप्रशिक्षित व्यक्ति से पेट खिंचवाना या झटका लगवाना
  • नाभि के उभार को ज़ोर लगाकर अंदर धकेलने की कोशिश
  • पहले ही दिन स्ट्रेचिंग या पेट की एक्सरसाइज़ शुरू कर देना
  • उल्टा लटकना या ऐसे प्रयोग जिनका कोई आधार नहीं
  • दर्द निवारक खाकर वही भारी काम दोबारा करना
  • पेट में तेज़ दर्द के साथ गर्म सिकाई, जब तक वजह पता न हो

कब घरेलू उपाय बंद कर देने चाहिए?

इन तीन में से कोई भी संकेत दिखे तो घर पर कुछ आज़माना बंद करें और तुरंत डॉक्टर के पास जाएँ।

  • नाभि पर बना उभार सख्त हो जाए और दबाने पर वापस न जाए
  • लगातार उल्टी हो और गैस या मल निकलना बंद हो जाए
  • तेज़ बुखार के साथ पेट सख्त और छूने पर बहुत दर्द भरा हो जाए

ये तीनों आपातकालीन स्थितियों के संकेत हैं। इनमें इंतज़ार की गुंजाइश नहीं होती।

कितने दिन में फ़र्क दिखना चाहिए?

मामूली खिंचाव में दो से तीन हफ़्ते में साफ़ सुधार दिखता है। Mayo Clinic Press के अनुसार हल्की मोच दो से तीन हफ़्तों में ठीक हो सकती है, जबकि मध्यम या गंभीर मोच में इससे ज़्यादा समय लगता है।

अगर एक हफ़्ते बाद भी बिल्कुल फ़र्क न दिखे, या तकलीफ़ बढ़ती जाए, तो इंतज़ार करने का कोई फ़ायदा नहीं।

Painflame क्लिनिक में ऐसी ताज़ा शिकायतों को जल्दी देखने पर ज़ोर रहता है, क्योंकि शुरुआती दिनों में सही सलाह मिल जाए तो रिकवरी छोटी रहती है। जिन मरीज़ों के लिए तकलीफ़ में क्लिनिक तक आना मुश्किल होता है, उनके लिए गुड़गाँव में घर पर फ़िज़ियोथेरेपी की सुविधा भी उपलब्ध है।

निष्कर्ष

नाभि खिसकने जैसी तकलीफ़ में पहला काम कुछ करना नहीं, कुछ रोकना होता है। जो काम दर्द लाया, वह बंद। उसके बाद 72 घंटे संभलकर, न पूरा आराम न ज़ोर। और सबसे ज़रूरी बात, तुरंत राहत के चक्कर में ऐसा कुछ न करें जिससे मामूली खिंचाव किसी बड़ी दिक्कत में बदल जाए।

अपॉइंटमेंट बुक करें

अक्सर पूछे जाने वाले सवाल (FAQs)

1. गर्म सिकाई करें या ठंडी?

शुरुआती दो से तीन दिन ठंडी सिकाई बेहतर मानी जाती है, क्योंकि वह सूजन और दर्द दोनों घटाती है। उसके बाद अकड़न कम करने के लिए गर्म सिकाई काम आती है। पेट में तेज़ दर्द या बुखार हो तो गर्म सिकाई से पहले डॉक्टर से पूछें।

2. क्या चलना-फिरना बंद कर देना चाहिए?

नहीं। पूरी तरह लेटे रहने से मांसपेशियाँ जल्दी अकड़ जाती हैं और वापसी मुश्किल हो जाती है। दर्द वाली हरकतें रोकें, पर घर में हल्की चहलकदमी जारी रखें।

3. रात में कैसे सोएँ?

घुटनों के नीचे तकिया रखकर पीठ के बल, या करवट लेकर घुटने हल्का मोड़कर। पेट के बल सोने से पेट की दीवार पर खिंचाव पड़ता है, इसलिए शुरुआती दिनों में इससे बचें।

4. क्या खाने में कोई बदलाव करना चाहिए?

भारी और गैस बनाने वाला खाना कुछ दिन तक कम रखें, क्योंकि पेट फूलने पर दर्द बढ़ता है। पानी और फाइबर बढ़ाएँ ताकि कब्ज न हो और टॉयलेट में ज़ोर न लगाना पड़े।

5. क्या दर्द निवारक ले सकते हैं?

ज़रूरत हो तो ली जा सकती है, पर डॉक्टर की सलाह से। ध्यान रखें कि दर्द कम होने का मतलब चोट ठीक होना नहीं है, इसलिए दवा के भरोसे वही काम दोबारा शुरू न करें।

Sources:

Request a Callback